अलवर नगर निगम के वार्ड 40 से निर्दलीय चुनाव जीतीं पार्षद अनीता देवी बीजेपी की बाड़ेबंदी में चली गई। इसको लेकर अनीता देवी के दो समर्थकों के साथ मारपीट की घटना हो गई। दोनों समर्थकों को दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों पर पीटने का आरोप है। अनीता देवी के दोनों समर्थकों को चोटें आई हैं, उन्हें जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि शहर में वैशाली नगर क्षेत्र के बेलाका गांव में यह मारपीट शनिवार सुबह करीब 8 बजे के आसपास हुई है। अस्पताल में भर्ती घायलों का आरोप अस्पताल में भर्ती बेलाका निवासी घायल याकूब ने बताया कि वार्ड 40 से चुनाव जीतने के बाद प्रत्याशी अनीता ने भाजपा बोर्ड बनाने के लिए अपना समर्थन दे दिया था। इसी बात से नाराज होकर गांव के ही अब्दुल रज्जाक सहित कई लोगों ने चुनावी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली-गलौज का विरोध करने पर हमलावरों ने उन्हें लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से पीटा गया। इस हमले में अब्बास के सिर पर गंभीर चोट आई हैं, वहीं याकूब भी घायल हुआ है। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। दूसरा पक्ष भी बता रहा चुनावी गुटबाजी उधर, घटना के बाद गांव में दोनों गुटों के बीच भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। दूसरे पक्ष का कहना है कि यह विवाद केवल राजनीतिक समर्थन तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी नतीजों के बाद से ही गांव में गुटबाजी और आपसी कहासुनी चल रही थी, जिसने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में वैशाली नगर पुलिस जांच करेगी। गांव में शांति बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस ने निष्पक्ष जांच की बात कही है।