अलवर 70वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस छात्र-छात्रा प्रतियोगिता का छह दिन बाद रविवार को पीएमश्री नवीन स्कूल में समापन हुआ। मेजबान अलवर की टीम भले ही खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन आयोजन व्यवस्था से प्रदेशभर से आई 140 टीमों के 872 खिलाड़ी और दल प्रभारी प्रभावित हुए। 40 जिलों से आए दलों ने शिक्षा विभाग अलवर की निष्पक्ष व निर्विवाद प्रतियोगिता के लिए प्रशंसा पत्र देकर आभार जताया। पारितोषिक वितरण समारोह में नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल मुख्य अतिथि रहीं। अध्यक्षता डीईओ माध्यमिक मनोज शर्मा ने की। प्रधानाचार्य राजेश मुखीजा ने बताया कि विभिन्न वर्गों के टीम इवेंट और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में श्रेष्ठ तीन स्थान हासिल करने वाले 72 खिलाड़ियों को मेरिट प्रमाण पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इनमें 60 टीम इवेंट और 12 व्यक्तिगत स्पर्धाओं के खिलाड़ी शामिल हैं। बीकानेर से आए 32 निर्णायकों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को स्मरण प्रमाण पत्र दिए गए। राउमावि देवी जी की गली की छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। इधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग की 14 वर्षीय छात्र बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन राउप्रावि मालाखेड़ा गेट में हुआ। डीईओ प्रारंभिक देवेंद्र सिंह ने बताया कि विभिन्न वर्गों के 45 विजेता खिलाड़ियों और 12 निर्णायकों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार के साथ खिलाड़ी व अन्य। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में व्यवस्थाओं और निर्विवाद आयोजन के लिए प्रतापगढ़, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटपूतली-बहरोड़ व कोटा सहित कई जिलों के दल प्रभारियों व खिलाड़ियों ने प्रशंसनीय पत्र देकर शिक्षा विभाग और पीएमश्री नवीन स्कूल का आभार जताया। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों की रैंकिंग व ड्रॉ को लेकर विवाद की आशंका रहती है। अलवर में पारदर्शिता के लिए डीईओ माध्यमिक मनोज शर्मा के समक्ष ड्रॉ निकाला गया। इससे विवाद की स्थिति नहीं बनी। आयोजन के लिए विभाग की ओर से स्कूल को केवल 50 हजार रुपए मिलते हैं। करीब 5 लाख रुपए खर्च हुए। प्रधानाचार्य राजेश मुखीजा ने भामाशाहों के सहयोग से आयोजन पूरा कराया।