अलवर में शनिवार सुबह मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह से धूप खिली हुई है, जिससे गर्मी का हल्का असर महसूस हो रहा है। शुक्रवार को भी पूरे दिन मौसम सामान्य रहा था। हालांकि मौसम विभाग ने आज आसमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं, इस मानसून सीजन में बारिश के बावजूद जिले के कई प्रमुख बांध पूरी तरह नहीं भर पाए हैं। अलवर का जयसमंद बांध खाली पड़ा है, जबकि सिलीसेढ़ झील भी पूरी तरह नहीं भर पाई है और इसमें अभी कई फीट पानी की कमी है। अलवर में अब तक 505.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस तारीख तक 527.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी अब तक सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम होने के साथ तापमान बढ़ने का अनुमान है। 20 सितंबर को अधिकतम तापमान 35°, 21 सितंबर को 37° और 22 सितंबर को 38° तक पहुंच सकता है। इसके बाद 23 सितंबर को 37° और 24 सितंबर को 36° के आसपास तापमान रहने का अनुमान है। इन दिनों आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन फिलहाल मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।