अलवर में बुधवार सुबह से मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह धूप खिली रही और दिन चढ़ने के साथ हल्की गर्मी का असर महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश या आंधी-तूफान की कोई चेतावनी नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले छह दिनों में अलवर के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। करीब छह दिन पहले अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, जबकि अब दिन का तापमान करीब 34 से 36 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और 3 से 5 अक्टूबर तक 38 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। मानसून में बारिश कम, कई बांध नहीं भर पाए मानसून की विदाई के बीच इस बार अलवर में बारिश का आंकड़ा भी कम रहा है। जिले में अब तक करीब 506.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। कम बारिश के कारण जिले के कई प्रमुख बांध पूरी तरह नहीं भर पाए। वहीं कुछ बांध ऐसे भी हैं, जिनमें इस मानसून सीजन में पानी की आवक नहीं हो सकी और वे अब भी सूखे पड़े हैं।