अलवर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश के बाद अब सुबह खेतों में फसलों पर ओस की बूंदें नजर आने लगी हैं। शनिवार सुबह खेतों में ओस की चादर दिखाई दी, वहीं हवा में ठंडक का अहसास भी बढ़ गया। खास बात यह है कि महज तीन दिन पहले तक 37 डिग्री के आसपास रहने वाला अधिकतम तापमान शुक्रवार को गिरकर करीब 32 डिग्री पर आ गया। यानी दिन के तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शनिवार सुबह आसमान साफ रहा और धूप निकलने के साथ मौसम खुल गया। अब मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन का पारा फिर चढ़ सकता है। सुबह ठंडक, दोपहर में फिर बढ़ेगी गर्मी मौसम विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है। 18 और 19 अक्टूबर को यह 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 20 अक्टूबर को 34 और 21 अक्टूबर को 35 डिग्री रहने की संभावना है। ऐसे में बारिश के बाद मिली राहत के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सुबह और रात में ठंडक महसूस हो सकती है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर फिर बढ़ने लगेगा। फिलहाल खेतों में ओस और सुबह की ठंडक मौसम में आ रहे बदलाव का संकेत दे रही है।