अलवर में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ही मौसम बदलने लगा है। कुछ दिन पहले दिन में तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है। दिन में भी गर्मी का असर कम होने लगा है। सुबह-शाम के साथ रात में ठंडक बढ़ने लगी है। घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए हैं। जिले में अगले छह दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और बारिश की चेतावनी नहीं होने का पूर्वानुमान है। ऐसे में दिन में धूप खिलने के बावजूद सुबह-शाम और रात की ठंडक लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास कराएगी। मौसम विज्ञान विभाग के अलवर केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24.6 डिग्री रहने का अनुमान है। 20 और 21 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री, जबकि 22 अक्टूबर को 30 डिग्री तक रहने की संभावना है। 23 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, 24 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 18 डिग्री रहने का अनुमान है।