अलवर जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक महिला और एक युवक के लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर संबंधित थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। घर से निकली महिला वापस नहीं लौटी उद्योग नगर थाना क्षेत्र के एक गांव से 36 वर्षीय महिला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार महिला 9 सितंबर को घर से निकली थी। दोपहर करीब 3 बजे परिजनों को उसके घर पर नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारी और परिचितों के यहां महिला की तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में भी पता किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। महिला का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। परिजनों ने पुलिस को महिला का हुलिया बताते हुए तलाश करने की मांग की है। रेलवे की तैयारी के लिए निकला युवक नहीं लौटा दूसरे मामले में अरावली विहार थाना क्षेत्र से एक युवक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। युवक मूल रूप से जिले के ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है और रेलवे भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए शहर में किराए के कमरे में रह रहा था। परिजनों के अनुसार 10 सितंबर को वह सुबह अपनी मोटरसाइकिल लेकर परीक्षा की तैयारी के लिए जाने की बात कहकर कमरे से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कमरे पर पहुंचकर और आसपास के लोगों से जानकारी ली, लेकिन युवक का पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। परिजनों ने दोनों मामलों में पुलिस को अलग-अलग रिपोर्ट देकर लापता महिला और युवक को तलाशने की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, आने-जाने की संभावित जगहों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर दोनों की तलाश कर रही है।