अलवर युवा कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष परमीत छिल्लर बने हैं। परमीत छिल्लर ने कहा- इससे पहले मैंने कोई चुनाव नहीं लड़ा। सीधे जिलाध्यक्ष बनकर राजनीति में उतरा हूं। युवा कांग्रेस अलवर का चुनाव परिणाम आने के अगले दिन सोमवार को नए जिलाध्यक्ष छिल्लर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में यह कहा। माना जा रहा है कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का छिल्लर को सपोर्ट रहा है। इस पर छिल्लर ने इनकार करते हुए कहा- बड़े नेता युवा कांग्रेस के चुनाव में किसी एक को सपोर्ट नहीं करते हैं। सबके साथ रहते हैं। छिल्लर ने कहा- मुझे युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दीनबंधु शर्मा सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा- अब पंचायत चुनाव में युवाओं को साथ लेकर काम करेंगे। छिल्लर ने युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चुनाव में 1261 वोट से शैलेंद्र अवस्थी को हराया है। गांवों में युवाओं का रुझान कांग्रेस पर चुनाव के खर्च को लेकर छिल्लर ने कहा- कार्यकर्ताओं की टीम काम करती है। चुनाव में उनके आने-जाने का खर्च होता है। बाकी कुछ नहीं होता है। युवा कांग्रेस चुनाव में गांवों में गए। तब गांवों में युवाओं का रुझान अब वापस कांग्रेस पर है। बता दें कि छिल्लर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नजदीकी हैं। छिल्लर का सोलर एनर्जी और प्रॉपर्टी का मुख्य काम है। बड़े नेताओं के साथ भी बिजनेस करते हैं। इसलिए अचानक जयपुर में बिजनेस करते हुए उन्होंने चुनाव लड़ा। वहीं चुनाव जीतने के बाद छिल्लर ने पहला फोन नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को किया। इसके बाद जूली ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से भी छिल्लर की फोन पर बात कराई। अन्य पदों पर ये जीते अलवर युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष बने रविंद्र चौधरी ने कहा- शहर में भी अब युवाओं का कांग्रेस की तरफ रुझान बढ़ा है। वहीं जिला स्तर पर ओपन वर्ग में शैलेंद्र अवस्थी और लियाकत खान वाइस प्रेसिडेंट चुने गए हैं। शैलेंद्र अवस्थी को 12 हजार 193 वोट, जबकि लियाकत खान को 4,017 वोट मिले। वहीं डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी (EC) के पद पर अरबाज खान चुने गए हैं। उन्हें 3,936 वोट मिले। इसी तरह एससी-एसटी वर्ग से राजेश मीणा वाइस प्रेसिडेंट बने हैं। उन्हें 180 वोट मिले। महिला वर्ग में ममता मीणा वाइस प्रेसिडेंट चुनी गई हैं, जिन्हें 103 वोट मिले।