मंडावर | शहर में दिनदहाड़े बाजरा बेचकर लौट रहे बुजुर्ग किसान से 16 हजार 600 रुपए ठगकर बाइक सवार युवक के फरार होने का मामला सामने आया है। युवक ने बस स्टैंड के पास किसान को कम रुपए मिलने की बात कहकर झांसे में लिया। रुपए लेकर फरार हो गया। एएसआई वीरेंद्र ने बताया कि बुजुर्ग किसान अनाज मंडी में बाजरे की फसल बेचने आया था। फसल बेचने के बाद वह बस स्टैंड के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उसे रोककर कहा, "बाबा, तुम्हें कम रुपए दिए हैं। पर्चा दिखाओ। मैं हिसाब बता देता हूं।" युवक की बात पर विश्वास कर किसान ने जेब से बाजरा बिक्री का पर्चा निकालकर उसे दिखाया। किसान की जेब में फसल बिक्री के 16 हजार 600 रुपए भी रखे हुए थे। आरोप है कि युवक ने मौका पाकर किसान से रुपए ले लिए। कहा कि सामने स्थित दुकान से रुपए दिलवा देता हूं। किसान उसकी बात पर विश्वास कर दुकान की ओर चला गया। इसी दौरान युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। मंडी में भी हुई थी युवक से बातचीत किसान ने बताया कि वारदात करने वाला युवक अनाज मंडी में भी मौजूद था। मंडी स्थित 16 नंबर दुकान पर भी उससे बातचीत हुई थी। इसके बाद युवक ने बस स्टैंड के पास किसान को रोककर कम रुपए मिलने की बात कही। झांसे में लेकर रुपए ले लिए। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। बाइक सवार युवक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद शहर में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। किसान ने बताया कि पहले भी मंडी में जिंस बेचकर लौट रहे किसानों के साथ इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं।