भास्कर न्यूज | राजसमंद जयपुर सड़क हादसे में परिवार खोने वाली महिला का उपचार के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीज महिला के इलाज के खर्च और आर्थिक सहायता अनंता अस्पताल प्रशासन निशुल्क कर रहा है। अस्पताल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि जेतपुरा निवासी 34 वर्षीय कैलाश देवी का इलाज अनंता अस्पताल में पूरी तरह निशुल्क चल रहा है। महिला को 1 सितंबर को इलाज के लिए भर्ती कराया था, जिसके बाद से उनके उपचार के साथ-साथ खाने-पीने का पूरा खर्च भी अस्पताल ही उठा रहा है। अस्पताल प्रशासन मरीज या परिजनों से किसी भी तरह की राशि नहीं लेकर सहायता कर रहा है और सहायता राशि भेजने के लिए बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्पताल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उनके विशेषाधिकारी राजीव दत्ता द्वारा जयपुर घटना के बाद जीवित कैलाश देवी को 10 हजार रुपए देने की घोषणा की गई थी, जिसके प्रति अस्पताल पूरी तरह वचनबद्ध है। मरीज का बैंक खाता और पूरे दस्तावेज नहीं बने होने के कारण राशि हस्तांतरण में देरी हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से आवश्यक दस्तावेज बनवाने में सहयोग किया जा रहा है और बैंक अधिकारियों को बुलाकर खाता खोलने की कार्रवाई शुरू करा दी गई है। खाता खुलते ही दुर्घटना वाले महीने से अब तक की देय राशि सीधे खाते में भेज दी जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष कार्यालय रख रहा पूरी निगरानी: प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष और उनके विशेषाधिकारी द्वारा मरीज के स्वास्थ्य, इलाज और दी जाने वाली सहायता राशि के संबंध में अस्पताल प्रबंधन से लगातार पूरी जानकारी ली जा रही है। मरीज को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए अस्पताल स्तर पर सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।