पाली में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रवेश के लिए मंगलवार को बांगड़ हॉस्पिटल परिसर स्थित एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र में काउंसलिंग हुई। इसमें दो वर्षीय एएनएम प्रशिक्षण की कुल 45 सीटों पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार गठित कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। काउंसलिंग के दौरान 85 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया- एएनएम प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए लगभग 1500 आवेदन मिले थे। सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में प्राप्त अंकों की मैरिट के आधार पर 45 सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। काउंसलिंग के लिए निर्धारित सीटों के पांच गुना अभ्यर्थियों को कॉल लेटर डाक के जरिए भेजे गए थे। साथ ही पात्र अभ्यर्थियों की सूची पाली जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी जारी की गई थी। कटऑफ के आधार पर बुलाए गए अभ्यर्थी काउंसलिंग के लिए कई संवर्गों की निर्धारित कटऑफ के अनुसार अंक प्राप्त करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल और एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र के प्रधानाचार्य पारसमल कुमावत ने बताया कि रोस्टर के अनुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा। कमेटी ने किया दस्तावेजों का सत्यापन कमेटी में सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रकाश चंद और एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र के प्रधानाचार्य पारसमल कुमावत शामिल रहे। कमेटी के जरिए दस्तावेजों के सत्यापन के साथ ही निर्धारित रोस्टर और आरक्षण प्रावधानों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।