राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड का वार्षिक अधिवेशन मण्डल मुख्यालय भरतपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवर के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) एवं प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर बच्चू सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। अधिवेशन के दौरान भानुप्रताप सिंह ने संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन और आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने ब्लॉक के सभी विद्यालयों तक स्काउट गाइड गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों में इन गतिविधियों के नियमित आयोजन से विद्यार्थियों में स्वावलंबन, समाज सेवा और राष्ट्र प्रेम की भावना का सुदृढ़ विकास होगा। नई कार्यकारिणी के गठन में कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर एवं सीबीईओ सेवर बच्चू सिंह की घोषणा, साधारण सभा के अनुमोदन और सर्वसम्मति से नई नियुक्तियां की गईं। इसमें अध्यापक लाखन सिंह जघीना को लोकल एसोसिएशन का सचिव मनोनीत किया गया। वहीं ओम कुमार शर्मा एवं गजेंद्र सिंह को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।