बारां जिले के अंता कस्बे में एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने भाजपा पार्षद पति से अभद्रता की। इस घटना के विरोध में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने डीएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएसपी ने आरोपी कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया, जिससे मामला शांत हुआ। पीड़ित जितेंद्र सुमन भाजपा पार्षद के पति हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात वे अंता थाने में एक एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। वहां तैनात कॉन्स्टेबल चेतन ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के पार्षद और कई कार्यकर्ता अंता डीएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कॉन्स्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह ओढ़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया और कॉन्स्टेबल चेतन को तुरंत लाइन हाजिर करने का आदेश दिया। इस कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांत हो गए।