कविताएं जिंदगी के हर पहलू को खूबसूरती से बयां करने का एक शानदार जरिया हैं। इनके माध्यम से आप अपनी हर भावना को शब्दों में पिरोकर एक खूबसूरत माला का रूप दे सकते हैं।" यह बात 'अंतरराष्ट्रीय काव्य साधिका मंच' की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. रानी तंवर ने कही। हाल में मणिपाल हॉस्पिटल के सभागार में भव्य 'सम्मान समारोह एवं लहरिया उत्सव' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रानी तंवर ने जीवन में कविताओं और गजलों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस आयोजन में प्रदेश भर से आईं सैकड़ों कवयित्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन और लहरिया के पारंपरिक गीतों के बीच कवयित्रियों ने अपनी बेहतरीन कविताओं, गजलों और छंदों की शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। यह मंच साहित्य के क्षेत्र में महिलाओं को एक बड़ा अवसर प्रदान कर रहा है। इस मंच से देश-विदेश की 300 से अधिक कवयित्रियां जुड़ी हुई हैं। साहित्यिक प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से मंच की ओर से प्रतिदिन नई कवयित्रियों व साहित्यकारों के लिए 'पाठशाला' का आयोजन भी किया जाता है, ताकि नई प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन मिल सके।