पुलिस ने जिलेभर में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर 128 लोगों को गिरफ्तार किया। अभियान के तहत 64 पुलिस टीमों के 283 अधिकारी और जवानों ने 590 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान विभिन्न मामलों में वांछित अपराधियों, गिरफ्तारी वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने आबकारी एक्ट के 13 प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 49 टन बजरी और 9 टन पत्थर जब्त किए गए। आईजी राहुल प्रकाश के आदेशानुसार तथा एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत के सुपरविजन में पुलिस टीमों ने अलसुबह से ही कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान के दौरान महिला अत्याचार के मामले में फरार एक आरोपी, जघन्य अपराधों में वांछित 3 और सामान्य अपराधों में वांछित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 51 गिरफ्तारी वारंटियों, 12 स्थाई वारंटियों, उद्घोषित अपराधियों और बीएनएसएस की धारा 335 के तहत वांछित लोगों को पकड़ा गया। एक इनामी अपराधी और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया। अन्य मामलों में 10 आरोपी अवैध शराब के नए प्रकरणों में और 3 आरोपी अन्य अधिनियमों के तहत दर्ज मामलों में पकड़े गए। शांतिभंग के मामलों में 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 128 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कोतवाली पुलिस ने सर्वाधिक 17 गिरफ्तारियां कीं। पुलिस ने एनडीपीएस, आबकारी, आर्म्स और अवैध खनन के अतिरिक्त अन्य अधिनियमों के तहत भी 3 प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।