बीकानेर में कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला और शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल पर शहर में किसी भी तरह का विकास नहीं करवाने का आरोप लगाया और कहा था कि सिर्फ साइकिल चलानी आती है। बीजेपी कार्यालय में बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मेघवाल ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा- जिसे साइकिल चलानी आती है, वो ही नियंत्रण कर सकता है। जिसे साइकिल नहीं आती, उसके पास नियंत्रण नहीं है। इसके साथ ही मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को चश्में के नंबर बदल लेने चाहिए क्योंकि उन्हें विकास दिख नहीं रहा है। साइकिल चलाने वाले बयान पर आपत्ति जताई मेघवाल ने कहा कि मैं आमतौर पर इस तरह के आरोपों के जवाब नहीं देता, लेकिन मेरे साइकिल चलाने पर जो बात कही गई है, उस पर मुझे आपत्ति है। इसका जवाब देना चाहता हूं। मेघवाल ने कहा कि जो साइकिल चलाना क्या गलत बात है? जो व्यक्ति साइकिल चला सकता है, वो ही जीवन में नियंत्रण भी रख सकता है। विकास नहीं दिख रहा तो चश्मे का नंबर बदलें बीकानेर में विकास नहीं होने के डॉ. बी.डी. कल्ला के आरोप का जवाब देते हुए मेघवाल ने कहा कि जिन कांग्रेस नेताओं को विकास नजर नहीं आ रहा है, उन्हें चश्में का नंबर बदलने की जरूरत है। उन्होंने यहां तक कहा कि उनके समय के रेलवे स्टेशन और आज के रेलवे स्टेशन को देखना चाहिए। ये कांग्रेस नेता रेलवे स्टेशन नहीं जाते क्या? उन्होंने कहा कि भारतमाला सड़क उन्होंने बनाई क्या? जामनगर से अमृतसर तक जो रास्ता सुगम हुआ, वो किसने तैयार करवाया? कार्यों की आमने-सामने चर्चा कर लें उन्होंने कहा कि कांग्रेस से बेहतर काम मोदी सरकार कर रही है। पोटाश से जुड़े सवाल पर मेघवाल ने कहा कि उन्हें पता ही नहीं है कि कहां क्या हो रहा है? मेघवाल ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि कभी वो अपनी सरकार के वक्त में हुए कार्यों और मोदी सरकार में हुए कार्यों के लिए आमने-सामने चर्चा कर लें।