भास्कर न्यूज | दौसा कृषि उपज मंडी में नए बाजरे की आवक शुरू हो गई है। गुरुवार को मंडी में नए बाजरे के 692 कट्टों की आवक हुई। दो-तीन दिन से मंडी में करीब 700 कट्टों तक बाजरा पहुंचा है। हालांकि, जिले में अभी बाजरे की फसल की कटाई शुरुआती दौर में है। अधिकांश क्षेत्रों में किसान कटाई में जुटे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम साफ होने पर मंडी में बाजरे की आवक में तेजी आने की उम्मीद है। सितंबर के शुरुआती 17 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार मंडी में बाजरे की आवक पिछले साल के मुकाबले काफी कम है। 1 से 17 सितंबर तक वर्ष 2025 में मंडी में 9 हजार 561 क्विंटल बाजरे की आवक हुई थी, जबकि इस साल इसी अवधि में महज 1 हजार 265 क्विंटल बाजरा मंडी पहुंचा है। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 8 हजार 296 क्विंटल कम आवक हुई है। यह आवक पिछले साल के मुकाबले करीब 87% कम है। इसकी मुख्य वजह जिले में अभी फसल की कम कटाई होना है। कृषि विभाग के अनुसार, जिले में इस बार बाजरे की बुवाई करीब 1 लाख 25 हजार 850 हेक्टेयर में हुई है। फसल की स्थिति अच्छी बताई जा रही है। जिले में अभी करीब 20% बाजरे की फसल की कटाई पूरी हुई है। महवा, सिकराय सहित कई क्षेत्रों में किसान बाजरे की कटाई कर रहे हैं। हालांकि, बारिश के मौसम के कारण कटाई और मंडी तक फसल पहुंचने की रफ्तार प्रभावित हो रही है। मौसम साफ होने के बाद खेतों से बाजरा मंडी तक पहुंचने की गति बढ़ने की संभावना है। कृषि विस्तार दौसा के संयुक्त निदेशक रामराज मीणा ने बताया कि इस बार जिले में बाजरे की फसल की स्थिति अच्छी है। महवा, सिकराय सहित कई क्षेत्रों में कटाई शुरू हो चुकी है। अभी करीब 20% फसल की कटाई हुई है। मौसम अनुकूल रहने पर आने वाले दिनों में कटाई में तेजी आएगी। मंडी में बाजरे की आवक भी बढ़ेगी। मानगंज व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौधरी ने बताया कि मंडी में नए बाजरे की आवक शुरू हो गई है। गुरुवार को मंडी में बाजरे के भाव 1800 से 2350 रुपए प्रति क्विंटल रहे। जैसे-जैसे खेतों से नई फसल निकलकर मंडी पहुंचेगी, आवक में और बढ़ोतरी होगी। पिछले साल सितंबर के शुरुआती 17 दिनों में अच्छी आवक रही सितंबर 2025 में 1 से 17 तारीख तक मंडी में 9 हजार 561 क्विंटल बाजरा पहुंचा था। इस साल इसी अवधि में आवक 1 हजार 265 क्विंटल रही। हालांकि, इस बार फसल की कटाई अभी शुरुआती दौर में है। ऐसे में आने वाले दिनों में कटाई बढ़ने पर मंडी में आवक के आंकड़े भी तेजी से बढ़ने की संभावना है। 3 साल में 1 से 17 सितंबर तक बाजरे की आवक वर्ष - आवक (क्विंटल) 2024 - 468 2025 - 9,561 2026 - 1,265