राहुवास| राहुवास और कुंतलवास गांव के नदी क्षेत्र में चारागाह व गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर दर्जनों ग्रामीण गुरुवार को तहसील कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने तहसीलदार सुनील कुमार एवं नायब तहसीलदार महेश कुमार शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा रिपोर्ट मांगी। तहसीलदार ने ग्रामीणों को बताया कि अतिक्रमण हटाने संबंधी कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। जाप्ता उपलब्ध होने पर 23 सितंबर को चरागाह एवं गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि 23 सितंबर को हर हाल में कार्रवाई होनी चाहिए। यदि तय तारीख पर कार्रवाई नहीं हुई तो 24 सितंबर को आंदोलन किया जाएगा।