गांव में शनिवार को अटल गौरव पथ सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ। सड़क नोहर-पल्लू मुख्य मार्ग पर पुरानी पानी की टंकी के पास से शुरू होकर श्री श्याम गोशाला तक बनाई जाएगी। प्रस्तावित मार्ग 1500 मीटर लंबा और करीब 8.5 मीटर चौड़ा होगा। इससे ग्रामीणों और गोशाला तक आने-जाने वाले भारी वाहनों को सुविधा मिलेगी। प्रशासक प्रतिनिधि विनोद कुमार लालर ने कहा कि सड़क की स्वीकृति पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने कराई थी। अभी तुड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और अन्य भारी वाहन गांव के भीतर से गुजरते हैं, जिससे जाम और आवागमन में दिक्कत होती है। नई सड़क बनने के बाद भारी वाहनों को आबादी क्षेत्र से नहीं गुजरना पड़ेगा और गोशाला तक चारा व सामग्री पहुंचाना आसान होगा। शुभारंभ के अवसर पर अमीलाल देहड़ू, रूपराम गोदारा, कृष्ण लाल देहड़ू, रामप्रताप बैनीवाल, जेपी देहड़ू, दलीप सिंह बैनीवाल, सहदेव देहड़ू, दयाराम सहारण, दौलतराम देहड़ू, उग्रसेन लालर, मदनलाल आदि मौजूद रहे।