राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन (एनक्यूएएस) के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र 22 एनटीआर को सफलतापूर्वक प्रमाणन मिला है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के मार्गदर्शन में जिले में गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जिले में 50 चिकित्सा संस्थान एक्टिव क्वालिटी सर्टिफाइड थे, जबकि उप स्वास्थ्य केंद्र 22 एनटीआर के प्रमाणित होने के बाद यह संख्या बढ़कर 56 हो गई है। एनक्यूएएस के तहत नेशनल सर्टीफाइड चिकित्सा संस्थान के रूप में उप स्वास्थ्य केंद्र 22 एनटीआर को 2.16 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रति वर्ष, लगातार 3 वर्ष तक मिलेगी। इस उपलब्धि पर डॉ. शर्मा ने उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा और रावतसर बीसीएमओ व एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. मनिन्द्र सिंह सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा ने बताया कि इस प्रमाणन प्रक्रिया में जिला क्वालिटी टीम सदस्य आयुष्मान नेशनल असेसर व नर्सिंग ऑफिसर धर्मपाल छींपा, इंटरनल एसेसर व फार्मासिस्ट सन्नी ग्रोवर, इंटरनल एसेसर व बीपीओ कृष्ण टाक, सीएचओ संजय सिराव सहित संबंधित ब्लॉक टीम के सदस्यों तथा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने बताया कि खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी नोहर डॉ. मंजीत ढाका और उप स्वास्थ्य केंद्र 22 एनटीआर के समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सर्टिफिकेशन प्राप्त हो सका, इसके लिए सभी को बधाई दी गई। जिले में अब तक 56 चिकित्सा संस्थान एनक्यूएएस सर्टीफाइड हो चुके हैं, जिनमें 51 एक्टिव सर्टीफाइड हैं, जबकि 15 चिकित्सा संस्थान रिसर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में हैं। डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एमजीएम जिला अस्पताल सहित जिले के कुल 9 अन्य चिकित्सा संस्थानों का नेशनल असेसमेंट हो चुका है और उनके परिणाम बकाया हैं, जो एनक्यूएएस सर्टिफाइड होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में जिले की नई पहचान बनेंगे। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावतसर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगरिया ने मुस्कान नेशनल सर्टिफिकेशन प्राप्त कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने का प्रमाणन हासिल किया है।