शहर के बजरंगबाड़ी क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़ चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपए केश चोरी कर ले गए। चोर घर में रखा बच्चों का गुल्लक तक ले गए। घटना के वक्त परिवार घर पर नहीं था। गुरुवार सुबह घर लौटने पर उन्हें चोरी होने की जानकारी मिली। कोतवाली थाने में उन्होंने रिपोर्ट दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रिश्तेदार की शादी में गया था परिवार जानकारी के अनुसार, बजरंगबाड़ी क्षेत्र में दारूल उलूम के पास रहने वाले सैय्यद असलम अली पुत्र मुश्ताक अली ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे वह परिवार के साथ रायपुर में रिश्तेदार की शादी में गया था। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वापस लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला गायब मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा हुआ था। अलमारी खुली थी और उसका ताला टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, घर की तलाशी लेने पर करीब 5 से 6 तोला सोने के गहने, करीब 30 तोला चांदी के गहने और एक लाख रुपए केश चोरी कर ले गए। पुलिस ने किया घटनास्थल का जायजा लिया। एक माह में 8 मकानों को बनाया निशाना स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि पिछले करीब एक माह से चोरी की वारदातें बढ़ी हैं। नगर निकाय चुनाव के दौरान चोरों ने क्षेत्र के करीब आठ मकानों को निशाना बनाया था। इसके बावजूद रात में पर्याप्त पुलिस गश्त व्यवस्था नहीं है।