बालोतरा जिले को 5 नई 108 एम्बुलेंस मिली हैं। इन एम्बुलेंस को पुरानी एम्बुलेंस की जगह अलग-अलग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात किया गया है। सीएमएचओ डॉ. उम्मेदाराम ने बताया कि इनके चलने से जिले के ग्रामीण और दूरदराज के मरीजों को आपात स्थिति में समय पर सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव या किसी अन्य स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में ये एम्बुलेंस अहम भूमिका निभाएंगी। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात की गई नई एम्बुलेंस सीएमएचओ डॉ. उम्मेदाराम ने बताया कि जिले में प्राप्त 5 नई 108 एम्बुलेंस को आवश्यकता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए कल्याणपुर ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंडली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवड़ी, सिवाना ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पादरू, समदड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समदड़ी और गुड़ामालानी ब्लॉक में स्वास्थ्य केंद्र रामजी गोल में तैनात किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि बालोतरा जैसे भौगोलिक रूप से विस्तृत जिले में कई ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्र हैं, जहां आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में नई 108 एम्बुलेंस की तैनाती से स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।