बालोतरा में सावन मास के चौथे सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में सर्व हिंदू समाज द्वारा कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। कार्यक्रम संयोजक भवानी सिंह राजपुरोहित ने बताया कि कांवड़ यात्रा सुबह करीब 9 बजे वनखंडी महादेव मंदिर से शुरू हुई। संत-महात्माओं ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। बालोतरा शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। श्रद्धालु हाथों में कांवड़ लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आकड़िया महादेव मंदिर पहुंचे। यात्रा वनखंडी महादेव मंदिर से रवाना होकर नया चौच मंदिर, मालियों का वास, आर्य वीर दल, द्वितीय रेलवे अंडरब्रिज, मनमोहन स्वीट होम, प्रथम रेलवे अंडरब्रिज, पुरानी धान मंडी, नगर परिषद और नया बस स्टैंड जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी। आकड़िया महादेव मंदिर में हरिद्वार से लाए गए जल से भगवान शिव के शिवलिंग का अभिषेक किया गया, जिसके साथ यात्रा का समापन हुआ। शहर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। मौलाना अब्दुल कलाम स्कूल के सामने मुस्लिम समाज के लोगों ने भी कांवड़ यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला। कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित सर्व हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सहयोग किया। सावन के चौथे सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया।