राजस्थान हाउसिंग बोर्ड में आज से तीन आवासीय योजनाओं में आवेदन शुरू हो गए हैं। ये आवेदन ऑनलाइन किए जा सकेंगे। जयपुर, भिवाड़ी और किशनगढ़ (अजमेर) में प्रस्तावित इन योजनाओं में कुल 313 मकानों का आवंटन किया जाएगा, जिसमें 90 स्वतंत्र हैं, जबकि शेष मल्टी स्टोरी फ्लैट बनेंगे। हाउसिंग बोर्ड की तरफ से अजमेर के पास किशनगढ़ में 90 स्वतंत्र मकान, अलवर के पास भिवाड़ी में 77 मल्टी स्टोरी फ्लैट, और जयपुर के प्रताप नगर में 146 फ्लैट बनाए जाएंगे। मध्यम और उच्च आय वर्ग (MIG और HIG) के लिए बनाए इन आवासों की लागत 41 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपए से अधिक निर्धारित की है। योजना के आवेदन 16 नवंबर तक किए जा सकेंगे। इनके अलावा पत्रकारों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज शाम 6.30 बजे विशेष आवासीय योजना भी लांच करेंगे, जिसमें जयपुर के इंदिरा गांधी नगर में मल्टी स्टोरी फ्लैट बनाकर आवंटित किए जाएंगे। किशनगढ़ में मिलेंगे 90 स्वतंत्र आवास अजमेर के पास किशनगढ़ में हाउसिंग बोर्ड MIG-A वर्ग के 26 मकान (120 वर्ग मीटर), MIG-B वर्ग के 40 (162 वर्ग मीटर) और HIG के 24 स्वतंत्र मकान (210 वर्ग मीटर) बनाए जाएंगे। इन मकानों की अनुमानित लागत करीब 41 लाख, 55 लाख और 69 लाख रुपए होगी। किशनगढ़ के खोड़ा गणेश रोड पर फेज-4 की स्कीम में 45 फीसदी मकान कैश और 55 फीसदी मकान किश्तों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। जयपुर में प्रताप नगर में बनेंगे 146 फ्लैट जयपुर के प्रताप नगर सेक्टर 28 में 146 मल्टी स्टोरी फ्लैट की योजनाएं लॉन्च की जाएगी। 14 मंजिला इन फ्लैटों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख रुपए और 74 लाख रुपए रखी गई है। ये सभी फ्लैट सेल्फ फाइनेंस स्कीम (SFS) के तहत बनाए जाएंगे, जिसमें आवंटी से 2 से ढाई साल में किश्तों में पूरा पैसा लिया जाएगा। भिवाड़ी के अरावली विहार में बनेंगे MIG, HIG फ्लैट अलवर के पास भिवाड़ी में हाउसिंग बोर्ड अरावली विहार योजना में मल्टी स्टोरी फ्लैट की योजना लॉन्च करने जा रहा है। इस 8 मंजिला योजना में 77 फ्लैट बनाए जाएंगे, जो MIG-A, MIG-B और HIG वर्ग के लिए होंगे। MIG-A वर्ग के लिए 32 फ्लैट (1394 वर्गफुट सुपर बिल्टअप), MIG-B वर्ग के लिए 32 (1595 वर्गफुट सुपर बिल्टअप) और HIG वर्ग के लिए 13 फ्लैट (2114 वर्गफुट सुपर बिल्टअप) के बनाए जाएंगे। इनकी अनुमानित लागत क्रमश: 39 लाख, 50 लाख और 63.50 लाख रुपए रखी है।