बांसवाड़ा शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में टीएसपी क्षेत्र कर्मचारी अधिकारी कल्याण संस्थान की ओर से ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किया गया। इस दौरान माही परियोजना, पटवारी संघ समेत विभिन्न प्रमुख सरकारी विभागों के कई अधिकारी और कर्मचारी एकत्र हुए और सहभागिता दर्ज कराई। ​कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष नाथूलाल पाटीदार ने बताया- इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लगभग 100 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित करना था, जो शाम तक पूरा हो गया। इसका प्रमुख कारण जरूरतमंद, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि 'रक्तदान ही महादान है' और समाज के हर सक्षम नागरिक को इस कार्य में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। संस्थान द्वारा ऐसे जनहित एवं सेवा कार्य हर महीने नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।