बांसवाड़ा में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। ​पार्टी कार्यालय से निकाली गई आक्रोश रैली मंगलवार सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया के नेतृत्व में अंबेडकर सर्किल पहुंचे और सभा का आयोजन किया। इसके बाद वहां से सभी कार्यकर्ता नारेबाजी करते जिला कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंच कर प्रदर्शन किया। ​'वोट चोरी और संस्थागत कब्जे का लगाया आरोप' ​प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के जरिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर नए मतदाताओं को जोड़ने, नाम हटाने और चुनाव आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रीकृत करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। चुनावी तंत्र का इस्तेमाल कर सत्तारूढ़ भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। ​कांग्रेस के वक्ताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग की इस पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली और संस्थागत कब्जे के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि लोकतांत्रिक संस्थाओं का इस तरह दुरुपयोग बंद नहीं हुआ, तो कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन और अधिक उग्र किया जाएगा। यहां देखिए प्रदर्शन की तस्वीरें…