बांसवाड़ा में ​सदर थाना क्षेत्र के पाड़ी कलां गांव में कल रात जमीन के पुराने विवाद को लेकर घर में सो रहे बड़े भाई के परिवार पर छोटे भाई के परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में बड़े भाई समेत परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें रात करीब 11:30 बजे एमजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घर में सो रहे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला ​जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे धुला पुत्र धनजी भोई, उनकी पत्नी तुलसी, बड़ा बेटा प्रकाश और छोटा बेटा गोपाल अपने घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा का परिवार अचानक घर में घुस आया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। ​समय पर एंबुलेंस न मिलने पर निजी वाहनों से लाए अस्पताल ​घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया था, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई। इसके बाद घायलों को निजी वाहनों की मदद से महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) लाया गया। ​जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमीन के विवाद को लेकर पहले भी उनके साथ कई बार मारपीट की जा चुकी है।