बांसवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के आंबावाड़ी इलाके में रविवार सुबह निर्माणाधीन मकान की छत से नीचे गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। ​जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह मजदूर हमेशा की तरह घर बनाने के काम में जुटा हुआ था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वो मकान की छत से नीचे जमीन पर आ गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद बाकी मजदूर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक निजी ऑटो से तुरंत घायल को उपचार के लिए महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ​मृतक मजदूर की पहचान विठला निवासी सेमलिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर एमजी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।