बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ और परतापुर गढ़ी नगरपालिकाओं में दूसरे फेज की वोटिंग 11 सितंबर (शुक्रवार) को होगी। कुशलगढ़ में 20 और परतापुर-गढ़ी में 25 वार्ड के लिए मतदान होगा। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने दोनों नगरपालिकाओं के कुछ मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कल के चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ​सुरक्षा और पुलिस तैनाती का लिया जायजा एसपी सुधीर जोशी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, वहां तैनात पुलिस बल और मतदान प्रक्रिया के लिए की गई तैयारियों को देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए। एसपी ने कहा- मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मतदाताओं को कतारों या प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखते हुए पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराएं। ​पुलिस प्रशासन की आमजन से अपील पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, पूरी निडरता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करें। एसपी सुधीर जोशी के इस निरीक्षण काफिले में कुशलगढ़ पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार, कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता और अधिकारी मौजूद रहे।