नगर निकाय चुनाव को लेकर बांसवाड़ा में सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन आज एसडीम कार्यालय में प्रत्याशियों और समर्थकों की खासी हलचल देखने को मिली। चुनाव के दूसरे दिन वार्डवार कुल 28 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए हैं। ​कार्यालय से मिले आंकड़ों के अनुसार: ​वार्ड 1 से 20: 9 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए। ​वार्ड 21 से 40: 8 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए। ​वार्ड 41 से 60: 11 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए। ​भाजपा प्रत्याशियों का दावा- महामंत्री ने किया फोन आवेदन देने पहुंचे कई भाजपा प्रत्याशियों ने बताया कि उन्हें पार्टी के जिला महामंत्री जयपाल डाबी ने फोन कर आवेदन करने के लिए कहा था। इस संबंध में जब भाजपा महामंत्री जयपाल डाबी से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि अभी तक पार्टी की आधिकारिक सूची नहीं आई है, प्रत्याशियों को केवल अपने दस्तावेज तैयार रखने के लिए कहा गया था। वार्ड 33 से लक्ष्मीपुरा कॉलोनी निवासी डिंपल ने बताया कि उन्हें भाजपा से टिकट मिलने की बात कही गई थी और इसके लिए महामंत्री जयपाल डाबी का फोन भी आया हैं। इसी तरह वार्ड एक ओर प्रत्याशी ने भी महामंत्री डाबी कहने पर ही आवेदन करने की बात कही। ​इसके उलट, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी अजय नागर ने वार्ड 48 नागरवाड़ा से अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के किसी निर्देश का इंतजार किए बिना स्वेच्छा से आवेदन किया है। वहीं वार्ड 21 से 40 के लिए बनाए गए तहसीलदा ऑफिस में आवेदन करने आए कांग्रेस के प्रत्याशी ने कहा कि पार्टी पदाधिकारी के कहने पर आवेदन करने आए हैं। ​फिलहाल सभी की निगाहें राजनीतिक दलों की अधिकृत सूचियों पर टिकी हैं।