श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में पुलिस और सीआईडी की टीम ने 25 हजार के इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी 2 महीने पहले नई मंडी घड़साना थाना इलाके में पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा गिराई गई 10.5 किलो हेरोइन के तस्करी कांड में फरार था। आरोपी ने 8 सिम पाकिस्तान भेजना भी कबूल किया है। आरोपी को अनूपगढ़ पुलिस ने कल डिटेन कर पूछताछ की गई। आरोपी ने पाकिस्तान से संपर्क होने की बात कबूली इसके बाद आरोपी को अनूपगढ़ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आज इसका प्रेस नोट जारी किया गया। अनूपगढ़ थानाधिकारी करतार सिंह ने बताया कि सुरक्षा एजेंसी की तरफ से आरोपी बलविन्द्र सिंह पुत्र स्व. प्रीतम सिंह सर्विलेंस पर रखा गया था। खुफिया एजेंसी को सूचना मिली कि वह अपने गांव 27 ए में देखा गया है। जिस पर पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया और पूछताछ के दौरान उसे पुलिस थाना में गिरफ्तार कर लिया। श्रीगंगानगर एसपी हरीशंकर यादव ने बताया- आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा गिराई गई 10.5 किलो हेरोइन के तस्करी कांड में फरार था। उसके ऊपर 25 हजार का इनाम रखा गया था। आरोपी का संपर्क अपने साले जसविन्द्र सिंह से है, जो एनडीपीएस मामले में जेल में बंद है। बलविन्द्र सिंह पाक हैंडलरों के संपर्क में रहकर व्हाट्सएप कॉल और चैट के माध्यम से उनके निर्देशों पर सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त था। आरोपी ने 8 सिम पाकिस्तान भेजी थी। जिसमें से एक सिम कार्ड पर पाकिस्तान के हैंडलर द्वारा व्हाट्सएप शुरू कर लिया गया था। सभी नम्बरों की सीडीआर निकलवाई जा रही है जिसके बाद स्पष्ट हो पाएगा कि किसने और कैसे ये सिम कार्ड जारी किए है। इसी अभियान के तहत, एएसपी नीलम चौधरी, डीएसपी अनूपगढ़ जयप्रकाश बेनीवाल और थानाधिकारी करतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीआईडी (आईबी) की टीम के साथ मिलकर सीमावर्ती क्षेत्र में गुप्त सूचनाएं जुटाईं।