बांसवाड़ा नगर परिषद में बुधवार को 67.01% मतदान हुआ। सुबह 10 बजे 17.19% वोटिंग थी, जो दोपहर 1 बजे बढ़कर 41.40%, दोपहर 3 बजे 54.03% और शाम 6 बजे 67.01% पहुंची। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे के बीच मतदान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई। राजतालाब थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 40 में निर्वाचन कार्मिक बनकर घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने डिटेन किया। वार्ड 41 के बूथ नंबर 61 पर करीब 10 बजे 192 वोट पड़ने के बाद कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट में तकनीकी खराबी आई। करीब 15-20 मिनट मतदान रुका रहा। इसके बाद दूसरी मशीन लगाकर मतदान शुरू कराया गया। कलेक्टर डॉ. ई. इंद्रजीत यादव ने वार्ड नंबर 9 के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोहन कॉलोनी में मतदान किया। नगर परिषद के 59 वार्डों में 99 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां 185 प्रत्याशी मैदान में थे। राजकीय माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीगंज में वार्ड 37, 41 और 42 के 5 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर कुल 5,791 मतदाता थे। वार्ड 12 में सिर्फ बीजेपी प्रत्याशी ही मैदान में नगरपरिषद के वार्ड 12 में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा की प्रत्याशी ही मैदान में हैं। ऐसे में यहां मतदान नहीं होगा। इस वार्ड में कुल 1,519 मतदाता थे। नगरपरिषद में सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड नंबर 41 में हैं। यहां 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं कई वार्ड ऐसे भी हैं। जहां मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच है।