नगर परिषद के 60 में से 59 वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर बांसवाड़ा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए करीब 650 पुलिसकर्मियों को 99 मतदान बूथों पर तैनात किया गया है। इनमें 25 संवेदनशील बूथ हैं, जहां 5-5 अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा 11 मोबाइल पार्टियां, 6 सुपरवाइजर अधिकारी और रिजर्व पुलिस बल लगातार निगरानी रखेंगे। एसपी सुधीर जोशी ने जवानों को ड्यूटी में पूरी मुस्तैदी और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए हैं। चुनाव में गड़बड़ी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा- ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो एसपी सुधीर जोशी ने पुलिस लाइन में जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी और ईमानदारी जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि अगर किसी जवान की ड्यूटी उसके किसी रिश्तेदार या परिचित के क्षेत्र में लगती है, तो भी उसे अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्पक्षता से निभानी होगी। किसी भी तरह की लापरवाही या पक्षपातपूर्ण रवैये पर सवाल खड़े हो सकते हैं। ​99 बूथों पर करीब 650 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए करीब 650 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कुल 99 मतदान बूथों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। इनमें 25 मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन बूथों पर 5 पुलिसकर्मी अतिरिक्त तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बाकी सभी मतदान केंद्रों पर भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। 11 मोबाइल पार्टियां और 6 सुपरवाइजर अधिकारी निगरानी रखेंगे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11 मोबाइल पार्टियां गठित की गई हैं। इसके साथ ही 6 पुलिस सुपरवाइजर अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। जोनल और एरिया मजिस्ट्रेट के साथ भी पुलिस बल लगाया गया है। किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पर्याप्त रिजर्व पुलिस बल भी रखा गया है। राउंड द क्लॉक निगरानी, गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई पुलिस की टीमें राउंड द क्लॉक निगरानी रखेंगी। चुनाव में किसी भी असामाजिक तत्व की ओर से खलल डालने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने चुनाव के दौरान पूरी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।