बांसवाड़ा शहर से महज 4 किलोमीटर दूर बांसवाड़ा-रतलाम हाइवे पर स्थित 5 नंबर क्षेत्र में सोमवार रात हादसे में मादा लेपर्ड की मौत हो गई। आशंका है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से लेपर्ड की जान गई है। ​कोतवाली थाने के एएसआई गोविंद पाटीदार ने बताया कि रात करीब 9 बजे राहगीरों से सड़क पर लेपर्ड के पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में लेपर्ड के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मुंह से खून निकल रहा था। आशंका है कि उसकी मौत किसी वाहन की टक्कर से हुई है। ​वन विभाग को दी गई सूचना ​घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस द्वारा वन विभाग की टीम को इस हादसे की आधिकारिक सूचना दे दी गई। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही लेपर्ड के शव का पोस्टमॉर्टम किया जा सकेगा।