अजमेर में रविवार शाम को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मजदूरी कर लौट रहे बाइक सवार बाप-बेटे को कुचल दिया। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में बेटे को गंभीर हालत में जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर जुटी आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर जयपुर-अजमेर नेशनल हाई-वे जाम लगा दिया। वहीं आक्रोशित लोग सड़क पर ही शव रखकर प्रदर्शन करने लग गए। इस दौरान सूचना के बाद मौके पर पहुंची आदर्श नगर थाना पुलिस समझाइश का प्रयास कर रही हैं। लेकिन मौके पर लोगों का प्रदर्शन जारी है। जाम लगने से हाई-वे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। घटना आदर्श नगर थाना क्षेत्र में जयपुर-अजमेर नेशनल हाई-वे पर सेदरिया कट के पास शाम करीब 7:30 बजे की है। मृतक का नाम सेदरिया निवासी मेवा सिंह(46) पुत्र छोगासिंह है, जबकि उसका बेटा अखिलेश(25) है। वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, मेवा सिंह अपने बेटे अखिलेश के साथ बाइक पर मजदूरी कर घर लौट रहे थे। सेदरिया कट के पास शाम करीब साढे़ सात बजे तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने दोनों को कुचल दिया। इस दौरान पिता मेवा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरिसिंह घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करा दिया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग छुटा। ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया और हाई-वे पर जाम लगा दिया। (इनपुट सहयोग-श्रवण नाथ गेगल) ………. पढें ये खबर भी… ट्रांसपोर्ट कारोबारी के घर डकैती मामले में एक और गिरफ्तार:तीन करोड़ के जेवरात बरामद, अब तक 8 अरेस्ट, तीन रिमांड पर नसीराबाद महेश विहार कॉलोनी में ट्रांसपोर्ट व्यापारी के घर डकैती के मामले में सदर थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। अब तक करीब 3 करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। वारदात में इस्तेमाल दो वॉकी-टॉकी (वायरलेस सेट) तथा रैकी के लिए प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की। पूरी खबर पढें