बारां जिले के बड़गांव इलाके में एक हादसा हो गया। बड़गांव के पास बालाखेड़ा की खाड़ी में मछली पकड़ने गए 40 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़गांव निवासी बनवारी बंजारा के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बनवारी बंजारा अपने साथियों के साथ बालाखेड़ा की खाड़ी में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ते समय अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में गिर गया। साथ गए लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और पानी में तलाश भी की, लेकिन उसे बचा नहीं पाए। घटना के बाद साथियों ने बड़गांव में बनवारी के परिवार को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ टीम की काफी कोशिशों के बाद बनवारी को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद बड़गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।