बारां जिले में 11 सितंबर को होने वाले निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में परिवहन विभाग ने चुनाव के काम के लिए गाड़ियों को अपने कब्जे में लिया है।। जानकारी के मुताबिक, मांगरोल, अटरू और छबड़ा नगर पालिका चुनावों के लिए परिवहन विभाग ने 49 गाड़ियां ली हैं। इनमें छोटी-बड़ी गाड़ियां, बसें और दूसरे जरूरी वाहन शामिल हैं। इन गाड़ियों का इस्तेमाल चुनाव सामग्री, पोलिंग पार्टियों और सुरक्षा बलों को लाने-ले जाने के लिए किया जाएगा। जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा खुद चुनावी तैयारियों में लगी हुई हैं। डीटीओ ऑफिस ने गाड़ी मालिकों को नोटिस जारी कर तय तारीख पर गाड़ियां देने के निर्देश दिए हैं। सभी ली गई गाड़ियों की फिटनेस और कागजात की जांच कर उन्हें चुनाव ड्यूटी के लिए तैयार किया गया है। डीटीओ शर्मा ने बताया कि निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और सही तरीके से पूरा कराने के लिए परिवहन विभाग पूरी तरह से तैयार है। गाड़ियों को लेने के साथ ही ड्राइवरों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।