बारां शहर में जगह-जगह खुले नाले हादसों की वजह बन रहे हैं। इन खुले नालों में अक्सर बेजुबान जानवर गिरकर घायल हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला झालावाड़ रोड पर सामने आया। जिला जेल के बाहर बने एक बड़े नाले में एक गोवंश गिर गया। नाले में पानी और कीचड़ था, जिससे गोवंश खुद बाहर नहीं निकल पा रहा था और वह तड़प रहा था। जानकारी मिलने पर गौसेवक गौरव शर्मा और अन्य गौसेवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने नंदी को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी कोशिश के बाद भी जब गोवंश नहीं निकल पाया, तो नगर परिषद के सफाई इंस्पेक्टर नरसी स्वामी को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जेल के बाहर और शहर के कई इलाकों में नालों पर स्लैब नहीं हैं। नालियां खुली पड़ी हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि सभी खुले नालों को जल्द से जल्द ढका जाए, ताकि आगे ऐसे हादसे नहीं हों।