बारां में शिक्षा विभाग माध्यमिक की 17वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुक्रवार को शुरू हुई। यह चार दिवसीय स्पर्धा 17-19 वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए है। जिले के सभी ब्लॉक के खिलाड़ी इसमें उत्साह से भाग ले रहे हैं। कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल संकुल परिसर में उप जिला शिक्षा अधिकारी मानसिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना से खेलने की अपील की। प्रधानाचार्य कुलदीप शर्मा ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम प्रभारी महेश मेहता और राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि रिले दौड़, भाला फेंक, तश्तरी फेंक, गोला फेंक, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी स्पर्धाएं होंगी। सुनील मेहता, तेजराम मीणा, रेखा व्यास, संगीता मीणा, यशोदा रानी कश्यप, शैलेन्द्र गुप्ता, अरूण प्रदीप शर्मा ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। ललित नामा ने संचालन किया।