बारां के डोल मेले में मंगलवार रात राजस्थानी लोकगायक मनराज दीवाना का कार्यक्रम हुआ। उनके गानों पर बड़ी संख्या में दर्शक झूम उठे। मनराज दीवाना मंच पर साधारण वेशभूषा में नंगे पांव आए। उन्होंने गणपति वंदना से शुरुआत की, फिर गुर्जर समाज के लोकप्रिय और राजस्थानी लोकगीत गाए। दर्शक देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर रुके रहे। उनके लोकप्रिय गीत 'दो दिल सीने में', 'तू बदल गई जानू' और 'थार लिए मर जाऊं' पर युवा दर्शक बहुत उत्साहित दिखे। इस दौरान गाने के साथ वीडियो भी दिखाए गए। भीड़ का उत्साह कई बार इतना बढ़ गया कि वह मंच के पास पहुंचने लगी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। पुलिस और प्रशासन व्यवस्था बनाने में लगे रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने पार्षद अशोक मीणा, महेश राठौर और गोल्ड मेडलिस्ट अमन पठान सहित सभी मेहमानों का स्वागत किया।