पंचायती राज चुनाव को लेकर जिले में नामांकन प्रक्रिया के बाद चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है। जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए दाखिल किए नामांकनों की शनिवार को जांच प्रक्रिया के बाद जिला परिषद के 132 और छह पंचायत समितियों में कुल 504 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। पंचायत समिति सदस्यों के लिए 622 प्रत्याशियों ने 794 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें जांच के बाद अब 504 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए दौसा जिले में 37 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 140 प्रत्याशियों ने 158 नामांकन पत्र दाखिल किए। अब जांच के बाद 132 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अब चुनावी मुकाबले में प्रत्याशियों की संख्या के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की स्थिति महत्वपूर्ण रहेगी। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में बांदीकुई में सबसे ज्यादा 110 प्रत्याशी मैदान में हैं। महवा में 93, मंडावर में 85, मनोहरपुर खेड़ला में 84, बसवा में 79 और बैजूपाड़ा में 53 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इन आंकड़ों के अनुसार बांदीकुई में सबसे ज्यादा और बैजूपाड़ा में सबसे कम प्रत्याशी हैं। मंडावर में 85 प्रत्याशी मैदान में 103 नामांकन निरस्त, 270 प्रत्याशी मैदान में महवा पंचायत समिति चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के बाद महवा, मनोहरपुर और मंडावर में कुल 103 पर्चे निरस्त किए गए हैं। अब तीनों समितियों में 270 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। जांच में मंडावर में सर्वाधिक 43, महवा में 34 और मनोहरपुर में 26 नामांकन खारिज हुए। अब महवा में 101, मनोहरपुर में 84 व मंडावर में 85 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाएंगे। 19 अक्टूबर तक ले सकेंगे नाम वापस दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब अभ्यर्थी 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।