बारां में जलझूलनी एकादशी महोत्सव के तहत होने वाले ऐतिहासिक डोल मेले की तैयारियां नगरपरिषद ने तेज कर दी हैं। इस बार मेले को और आकर्षक बनाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र को CCTV कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। प्रमुख मार्गों, चौराहों और रंगमंच समेत अलग-अलग जगहों पर करीब 70 CCTV कैमरों से नजर रखी जाएगी। वहीं 4 प्रमुख भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस के सशस्त्र जवान मचान पर तैनात होकर दूरबीन से निगाह रखेंगे। मेले में करीब 550 दुकानें लगेंगी। डोल तालाब की पाल पर एक विशेष पुलिस चौकी बनाई सुरक्षा व्यवस्था और शिकायतों को जल्दी निपटाने के लिए डोल तालाब की पाल पर एक विशेष पुलिस चौकी बनाई गई है। नगरपरिषद ने मेला नियंत्रण कक्ष भी बनाया है। दोनों जगहों पर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। नियंत्रण कक्ष में माइकिंग और सीसीटीवी फुटेज देखने की व्यवस्था होगी। मेले में दुकानों का आवंटन हो चुका है। अस्थायी दुकानें बननी शुरू हो गई हैं। कई दुकानदार बांस-बल्लियां लगाकर टीनशेड से दुकानें तैयार करते दिखे। सामान से लदे ट्रक भी पहुंच रहे हैं। झूले, चकरी और ढोलर भी आने लगे हैं। हाइड्रा मशीनों की मदद से इन्हें लगाने का काम शुरू हो गया है। दर्शकों के बैठने के लिए रंगमंच के सामने वाटरप्रूफ डोम बन रहे पिछले साल डोल तालाब में बोटिंग की व्यवस्था थी, लेकिन इस बार तालाब में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण बोटिंग नहीं होगी। रंगमंच तैयार किया जा रहा है। दर्शकों के बैठने के लिए रंगमंच के सामने वाटरप्रूफ डोम लगाए जा रहे हैं। डोल तालाब किनारे से जलकुंभी और कचरा हटवाकर सफाई की गई। नगरपरिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर नरसी स्वामी ने बताया कि मेला परिसर से अतिक्रमण हटा दिया गया है और करीब 550 दुकानों का आवंटन किया गया है। सफाई लगातार कराई जा रही है। अंजुमन चौराहे के ट्रांसफार्मर के पास बने कचरा डंपिंग यार्ड से भी कचरा उठाया जाएगा।