बारां शहर में बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली निगम ने अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के निर्देश पर एक ही दिन में 200 से ज्यादा घरों से अवैध बिजली कनेक्शन हटाए गए। इन घरों पर निगम का करीब 30 लाख रुपए का बकाया कई सालों से बाकी है। यह कार्रवाई चारमूर्ति और बाबजी नगर जीएसएस के चार हाई लॉस फीडरों पर की गई। इनमें कुंजविहार बरडिया, संजय कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड और आमापुरा फीडर शामिल हैं। ये सभी इलाके ज्यादा बिजली चोरी वाले चिन्हित हैं। टीम ने कटे हुए कनेक्शनों वाले घरों की जांच की और अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही तोड़ दिया। निगम ने लोगों से वैध कनेक्शन लेने और बिजली बचाने की अपील की। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर कोई प्राइवेट व्यक्ति अवैध कनेक्शन में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ बिजली सिस्टम से छेड़छाड़ का केस दर्ज होगा। इस कार्रवाई में बारां सिटी एईएन कुलदीप सिंह, जेईएन अजय नरुका, विभा चौहान, बृजेश गौतम, सत्यनारायण, फीडर इंचार्ज और एफआरटी टीम शामिल रहे।