बारां जिले में खाद की कमी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के शाहाबाद रोड स्थित एक निजी खाद बीज भंडार पर खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। दुकानदार द्वारा अचानक दुकान बंद कर देने से किसान और भड़क गए। वे सड़क पर ही बैठ गए, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आने-जाने वालों को दिक्कत हुई। मैन्यूअल तरीके से बांटा खाद जाम की सूचना पर एसडीएम रामावतार मीणा और कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश विजय मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि दुकानदार की POS मशीन खराब होने के कारण खाद का वितरण नहीं हो पा रहा था। अधिकारियों ने तुरंत मैन्यूअल तरीके से खाद वितरण शुरू करवाया। उन्होंने किसानों को समझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।