बारां में खाद कंपनियों की मनमानी और जबरन अटैचमेंट के खिलाफ किसान महापंचायत ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदेश संयोजक सत्यनारायण सिंह के नेतृत्व में किसानों ने संयुक्त कृषि निदेशक बारां को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि कंपनियां डीएपी और यूरिया के साथ दूसरे उत्पाद जबरन बेच रही हैं। इससे खुदरा विक्रेता खाद खरीदने से बच रहे हैं, जिससे बाजार में डीएपी-यूरिया की कमी हो गई है। सरसों की बुवाई के समय खाद न मिलने से खेती पर असर पड़ रहा है। किसानों को चुनिंदा सोसायटियों पर धूप में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। महापंचायत ने जबरन अटैचमेंट पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है, ताकि किसानों को आसानी से और उधार पर खाद मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष नरेंद्र चौहान, जिला मंत्री नरेंद्र सुमन, कोषाध्यक्ष हेमराज सुमन, नगर अध्यक्ष कांतिचंद शर्मा और गोपालपुरा अध्यक्ष घनश्याम मेहता शामिल थे।