बारां में अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। इन गतिविधियों का मकसद सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार और समय पर इलाज की सुविधा के बारे में लोगों को जानकारी देना था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जगदीश प्रसाद कुशवाह ने बताया कि सर्पदंश एक गंभीर समस्या है, लेकिन सही समय पर इलाज मिलने से इसे ठीक किया जा सकता है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को सर्पदंश के इलाज से जुड़ी गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही, ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को भी जागरूक करने को कहा। डॉ. कुशवाह ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या झोलाछाप डॉक्टरों के पास जाकर समय बर्बाद नहीं करें। तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इलाज कराएं। उन्होंने ग्रामीण इलाकों, स्कूलों और पंचायत स्तर पर भी बचाव और जागरूकता के सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। विभाग ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर खास जोर दिया है। इसके अलावा, प्रमाणित स्नेक रेस्क्यूर्स और सर्पदंश से ठीक हो चुके लोगों के अनुभवों के जरिए भी जागरूकता सत्र चलाए जा रहे हैं।