गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र बारां में वर्ष 2022 बैच के 58 नवनियुक्त होमगार्ड स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महिला स्वयंसेवक काली भील ने परेड का नेतृत्व किया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने नव नियुक्त जवानों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया। समारोह का मुख्य आकर्षण परेड रही, जिसमें दो टुकड़ियों में 58 स्वयंसेवकों ने कदम ताल कर प्रदर्शन किया। पूरी परेड का नेतृत्व महिला स्वयंसेवक काली भील ने किया। महिला के हाथों में परेड की कमान महिला सशक्तिकरण का संदेश बनी। कार्यक्रम में एएसपी सौरभ तिवारी, एडीएम भंवरलाल जनागल, प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को शस्त्र संचालन, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और अग्निशमन का गहन प्रशिक्षण दिया गया। कॉन्स्टेबल बिरदी चंद और कॉन्स्टेबल गुलराज नट ने यह प्रशिक्षण दिया।समारोह का आयोजन कमांडेंट सीमा पारीक के निर्देशन में हुआ, जबकि मंच संचालन सुनील शर्मा ने किया।