झालावाड़ जिले में पुलिस ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग, जबरन बाल विवाह, शारीरिक और मानसिक शोषण के मामले का खुलासा करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने सोशल मीडिया पर दोस्त को पति की हत्या की सुपारी दी थी। दोस्त ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच के बाद पता चला कि एक साल पहले नाबालिग को उसकी दोगुनी उम्र के व्यक्ति ने 4 लाख रुपए में खरीदा था। मामला झालावाड़ की भवानीमंडी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने महिला के पिता-मामा और पति को गिरफ्तार किया है। जून 2025 में उसकी जबरदस्ती शादी कराई थी। इसके बदले महिला के पिता और मामा ने युवक से 4 लाख रुपए लिए थे। हत्या की साजिश का पुलिस को मिला था इनपुट झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया- 14 अक्टूबर को पुलिस को एक युवक ने इनपुट दिया था कि उसके साथ काम करने वाली एक महिला ने सोशल मीडिया पर उसे अपने पति की फोटो भेजी है, वह अपने पति की हत्या कराने के लिए कह रही है। युवक चैट के स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस को पास पहुंचा और पूरी कहानी बताई। युवक ने FIR दर्ज कराने से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने खुद ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 16 अक्टूबर को पुलिस ने महिला को दस्तयाब किया। पूछताछ में सामने आया कि मामला नाबालिग की खरीद-फरोख्त, जबरन शादी और प्रताड़ना से जुड़ा है। केवल हत्या की साजिश तक सीमित नहीं है। पुलिस ने महिला को सखी वन स्टॉप सेंटर झालावाड़ में रखा। इसके बाद कोर्ट में उसके बयान कराए। 17 साल की उम्र में 34 साल के युवक से कराई शादी पुलिस ने बताया-15 जून 2025 को महिला की शादी एक 34 साल के युवक से कराई गई। उस दौरान उसकी उम्र 17 साल 8 महीने और 20 दिन थी। उसके पिता और मामा ने उसकी मर्जी के खिलाफ ये शादी तय की थी। इसके बदले उन्हें 4 लाख रुपए मिले। शादी के समय वह (पीड़िता) नाबालिग थी तो पूरा कार्यक्रम गोपनीय तरीके से किया गया। कार्ड भी नहीं छपवाया गया था। शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से हुई परेशान महिला ने पुलिस को बताया-शादी के बाद से ही वह घर में शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी। इसलिए 20 दिन बाद ही वह घर छोड़कर चली गई। इस पर उसके पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नाबालिग को कोटा से डिटेन किया। पुलिस के आगे हुए बयान में नाबालिग ने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया। इस पर उसे कोटा के बालिका गृह में रखा गया। जब वह बालिग हो गई तो उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। फोन रखने और आने-जाने पर लगाई पाबंदी पुलिस ने बताया- महिला अपनी शादी से बाहर निकलता चाहती थी। मगर उसके पिता-मामा उसे वापस पति के घर भेजना चाहते थे। पति ने महिला के मामा और पिता से एक समझौता तैयार कराया। जिसमें शर्त रखी थी कि महिला बिना बताए दोबारा घर छोड़कर जाती है तो पिता को 4 लाख रुपए देने होंगे। इसके अलावा उसके आने-जाने के साथ फोन रखने पर पाबंदी लगाई गई थी। पुलिस ने बताया-प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश करने लगी। इसे लेकर उसने अपने साथ काम करने वाले युवक से हत्या कराने को लेकर बातचीत और वॉट्सएप पर फोटो भेजी। युवक तुरंत उसके पति को पहचान गया और शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा। पिता, मामा और खरीदने वाला पति गिरफ्तार झालावाड़ एसपी ने बताया-मामले में कार्रवाई करते हुए महिला के पिता, मामा और 4 लाख रुपए देकर खरीदने वाले पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के मामा पर पूरे मामले में बिचौलिया की भूमिका निभाने का आरोप है। …. यह खबर भी पढ़ें नाबालिग को गैंगरेप के बाद 32 हजार में बेचा:42 साल के व्यक्ति से शादी कराकर 7 महीने तक बंधक बनाकर रखा अजमेर पुलिस ने नाबालिग को गैंगरेप के बाद 32 हजार में बेचने और जबरन शादी कराने के मामले का शुक्रवार को खुलासा किया है। पुलिस ने 16 साल की लड़की को चूरू से दस्तयाब किया। पीड़िता से पूछताछ के बाद तीन महिलाओं समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)