बारां जिले में अवैध रूप से चल रही बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा के नेतृत्व में पिछले तीन दिन से चले अभियान में 13 बसों को जब्त कर कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है। जानकारी के अनुसार, ये सभी बसें बिना टैक्स, बीमा और परमिट के सड़कों पर चल रही थीं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विभाग को इन बसों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। डॉ. कल्पना शर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 3 अन्य बसों के चालान भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी अवैध वाहन को सड़क पर नहीं चलने दिया जाएगा। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बस संचालकों में चिंता है।