बारां जिले के कस्बा थाना क्षेत्र के कुजाए गांव में एक नवजात बच्ची झाड़ियों में मिली। ग्रामीणों ने बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसे बचाया। गांव के बाहर झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत सरपंच प्रतिनिधि पर्वत सिंह मेहता को सूचना दी। मेहता और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को झाड़ियों से बाहर निकाला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थानाधिकारी योगेश शर्मा ने जल्दी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। बच्ची को तुरंत शाहबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची का जन्म शायद बीती रात हुआ है। प्राथमिक इलाज के बाद उसे आगे के इलाज के लिए बारां जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस अब बच्ची को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंपने की तैयारी कर रही है। इस घटना के बाद गांव में लोग हैरान रह गए। ग्रामीणों में अज्ञात परिजनों के खिलाफ नाराजगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।